उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य सुरक्षा अधिकारी के घर सीबीआई छापा
सुबह करीब आठ बजे इलाहाबाद के सुबेदारगंज स्थित उत्तर मध्य रेलवे के मुख्यालय में मुख्य सुरक्षा आयुक्त पी.एम. सिंह देव के दफ्तर और उसी परिसर में स्थित आवास पर सीबीआई की छह और आठ सदस्यों की दो टीमों ने एक साथ छापेमारी की।
सूत्रों के मुताबिक छापेमारी की कार्रवाई करीब-करीब दो घंटे तक चली। इस दौरान सीबीआई टीम ने दफ्तर के कई अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ भी की।
पी.एम. सिंह देव फिलहाल पिछले कुछ दिनों से अवकाश पर हैं। छापेमारी के दौरान आवास पर उनके नौकर मौजदू थे। बताया जा रहा है कि सीबीआई टीम ने पूरे आवास की तलाशी लेकर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में किए।
सीबीआई अधिकारियों की तरफ से इस छापेमारी के संबंध में मीडिया को कोई जानकारी नहीं दी गई।
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी आर.डी.वाजपेयी ने इलाहाबाद में संवाददाताओं से दिल्ली से आई सीबीआई टीम द्वारा देव के दफ्तर और आवास पर छापेमारी की पुष्टि की।
बताया जा रहा है कि सीबीआई टीम फिलहाल अभी इलाहाबाद में ही मौजूद है।
सूत्रों के मुताबिक इस छापेमारी का संबंध देव की जयपुर तैनाती के दौरान के किसी मामले का है। इससे पहले देव उत्तर पश्चमि रेलवे जयपुर में भी मुख्य सुरक्षा आयुक्त के पद पर तैनात थे। इसी साल वह स्थानांतरित होकर उत्तर मध्य रेलवे इलाहाबाद आए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications