विधानसभा चुनाव : तीनों राज्यों में भारी मतदान (लीड-4)
मुख्य चुनाव आयुक्त नवीन चावला ने तीनों राज्यों के मतदान प्रतिशत की जानकारी देते हुए संवाददाताओं से कहा, "मतदान का प्रतिशत बढ़ सकता है।"
चावला ने कहा कि हरियाणा के कैथल में दो पोलिंग एजेंटों के बीच झड़प हो गई जिसमें से एक को सीने में दर्द की शिकायत हुई। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के ही रेवाड़ी में मतदान करने जा रहे एक बुजुर्ग व्यक्ति की सीने में तेज दर्द के बाद मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि एक अन्य घटना में दो गुटों में झड़प में एक व्यक्ति घायल हो गया। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
चावला ने कहा कि पलवल में कुछ लोगों ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों पर पथराव किया। इस दौरान एक जवान का राइफल भी छीन लिया गया जो कि बाद में मिल गया।
चावला के साथ इस संवाददाता सम्मेलन में चुनाव आयुक्त एस.वाई. कुरैशी और वी.एस. संपत भी मौजूद थे।
तीन राज्यों में हुआ चुनाव कमोबेश शांतिपूर्ण रहा। नई सरकार के गठन के लिए महाराष्ट्र की 288, हरियाणा की 90 और अरूणाचल प्रदेश की 60 में से 57 सीटों के लिए मंगलवार को मतदान हुआ।
इसके साथ ही तीनों राज्यों के मतदाताओं ने कुल 4938 उम्मीदवारों का राजनीतिक भविष्य इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में बंद कर दिया। ज्ञात हो कि अरुणाचल की तीन सीटों पर पहले ही निर्विरोध चुनाव संपन्न हो चुका है।
महाराष्ट्र के नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली जिले में सुबह मतदान आरंभ होने से पहले हुई नक्सली गोलीबारी के भय से दो विधानसभा क्षेत्रों के 11 मतदान केंद्रों पर लोग मतदान को नहीं निकले।
महाराष्ट्र में ठाकरे परिवार की तीन पीढ़ियों- शिव सेना प्रमुख बाल ठाकरे, उनके बेटे उद्धव ठाकरे और पोते आदित्य ठाकरे ने मतदान किया। पिछले कुछ दशकों से महाराष्ट्र की राजनीति को एक दिशा देने वाले बाल ठाकरे आज सुबह 10.15 बजे बांद्रा स्थित अपने घर 'मातोश्री' से बाहर निकले और उन्होंने खेरवाड़ी मतदान केंद्र पर वोट डाला। उन्हें देखने के लिए मतदान केंद्र पर भारी भीड़ जमा थी।
ठाकरे के साथ उनके बेटे उद्धव, पुत्रवधू रश्मि, पोता आदित्य और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। उद्धव, रश्मि और आदित्य ने भी वोट डाले।
ठाकरे के भतीजे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे और उनकी पत्नी शर्मिला ने दादर स्थित शिवाजी पार्क के एक मतदान केंद्र पर मतदान किया।
महाराष्ट्र के राज्यपाल एस. सी. जमीर, उद्योगपति अनिल अंबानी एवं आदि गोदरेज, मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, अभिनेता राहुल बोस और क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर सुबह मतदान करने वालों में शामिल रहे।
राज्यपाल ने दक्षिणी मुंबई में राजभवन में बने मतदान केंद्र पर मत डाला। अंबानी ने कोलाबा मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मुख्यमंत्री चव्हाण ने नांदेड़ में मत डाला।
इनके अलावा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार, केंद्रीय मंत्री सुशील कुमार शिंदे, सांसद मिलिन्द देवड़ा, अभिनेता सलमान खान, पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी संदीप पाटिल, अभिनेत्री नगमा और प्रियंका चोपड़ा सहित अन्य जानी मानी हस्तियों ने भी अपने-अपने मत डाले।
प्रदेश की 288 विधानसभा सीटों के लिए हुए मतदान में राज्य के 7.6 करोड़ मतदाताओं में से 60 फीसदी ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इन मतदाताओं ने 3,559 उम्मीदवारों का राजनीतिक भविष्य ईवीएम में बंद कर दिया।
गढ़चिरौली में मतदान को लेकर एक अधिकारी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "पुष्ट जानकारी के मुताबिक दोपहर दो बजे तक अहेरी और अरमोरी विधानसभा क्षेत्रों के 11 मतदान केंद्रों पर मतदान आरंभ नहीं हुआ था।"
उन्होंने कहा कि इन मतदान केंद्रों पर सुरक्षाकर्मी और मतदान अधिकारी उपस्थित थे लेकिन सुबह हुई गोलीबारी के भय से मतदाता अपने घरों से नहीं निकले। यह जनजातीय बहुल क्षेत्र है।
उन्होंने कहा कि यदि मतदाताओं को मतदान के लिए पर्याप्त समय नहीं मिला तो फिर मतदान के लिए एक अन्य तिथि तय की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि नक्सलियों ने मंगलवार सुबह गढ़चिरौली के दो क्षेत्रों में गोलीबारी की। गोलीबारी की पहली घटना अहेरी के निकट हुई। मतदान आरंभ होने से पहले ही नक्सलियों ने यहां गोलीबारी आरंभ कर दी। इसके बाद तकरीबन 9.30 बजे नक्सलियों ने जिले के बोंधाई गांव में भी गोलीबारी की। पिछले सप्ताह नक्सलियों ने यहां 17 पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी।
हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों के लिए हुए मतदान में राज्य के 1.31 करोड़ मतदाताओं में से लगभग 66 फीसदी ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इन मतदाताओं ने 1,222 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य ईवीएम में बंद कर दिए।
मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने रोहतक जिले में अपने पुश्तैनी गांव सांघी में अपनी मां के साथ मतदान किया। मुख्यमंत्री मतदान केंद्र पर अपनी मां हरदेई देवी के साथ पहुंचे। उनके साथ पत्नी आशा हुड्डा, सांसद पुत्र दीपेंदर हुड्डा और कुछ अन्य संबंधियों ने भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। हुड्डा रोहतक जिले की गढ़ी सांपला-किलोई विधानसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में हैं।
अरूणाचल प्रदेश की 57 सीटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बीच शांतिपूर्ण मतदान हुआ। प्रदेश के 72 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इन मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग कर 157 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत ईवीएम में बंद कर दी। एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया, "राज्य में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। प्रारंभिक आकलन के मुताबिक राज्य में 70 फीसदी मतदान हुआ।"
मुख्यमंत्री दोरजी खांडू सहित कांग्रेस के तीन उम्मीदवारों के निर्विरोध चुन लिए जाने की वजह से यहां की 57 सीटों पर मतदान हुआ। खांडू तवांग जिले की मुक्तो सीट से वर्ष 1999 और 2004 में भी निर्विरोध निर्वाचित हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications