समर्थकों ने जगनमोहन से भेंट कर नेतृत्व के मुद्दे को फिर से हवा दी
पिछले दो दिनों के भीतर प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों, पार्टी के सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं ने जगनमोहन से मुलाकात की। मंत्रियों में से मानिक्य वाराप्रसाद और अनम रामनारायण रेड्डी तो खुले आम जगनमोहन को मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग कर रहे हैं।
रामनारायण रेड्डी ने मंगलवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "जगन को मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष विचाराधीन है। नए नेता के चुनाव के लिए उचित समय पर विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी। इसका फैसला भी कांग्रेस नेतृत्व को ही करना है।"
उल्लेखनीय है कि जगन समर्थकों ने इससे पहले भी उन्हें मुख्यमंत्री बनाए जाने के लिए हैदराबाद से दिल्ली तक अभियान चलाया था लेकिन पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा इस मसले पर कड़ा रुख अख्तियार करने के बाद नेतृत्व का यह मामला कुछ दिनों के लिए शांत हो गया था। बहरहाल, जगन समर्थकों ने उनसे मुलाकात कर एक बार फिर नेतृत्व के मुद्दे को हवा दे दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications