मनमोहन के अरूणाचल दौरे पर चीनी प्रतिक्रिया से भारत चिंतित, असंतोष जताया (लीड-1)
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विष्णु प्रकाश ने कहा है, "चीनी विदेश मंत्रालय की प्रतिक्रिया पर हम अपनी निराशा और चिंता प्रकट करते हैं क्योंकि इससे सीमा मुद्दे पर जारी बातचीत की प्रक्रिया में कोई मदद नहीं मिलेगी।"
विष्णु प्रकाश ने कहा है कि अरूणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न हिस्सा है और यहां के नागरिक भारतीय लोकतंत्र की मुख्यधारा में हिस्सा लेकर अपने को गौरवान्वित महसूस करते हैं।
विष्णु प्रकाश ने कहा है कि चीन, भारत सरकार की इस स्थिति से अच्छी तरह परिचित है।
इसी बीच विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा ने कहा है, "मैंने संसद में कहा है कि अरूणाचल प्रदेश भारत का एक अभिन्न हिस्सा है।"
कृष्णा की टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब चीन के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, "चीन की गंभीर चिंताओं को दरकिनार करते हुए भारतीय नेता द्वारा इस विवादित क्षेत्र का दौरा किए जाने से चीन बेहद असंतुष्ट है।" यद्यपि, इस बयान में भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नाम का उल्लेख नहीं किया गया है।
उल्लेखनीय है कि मनमोहन सिंह ने तीन अक्टूबर को विधानसभा चुनाव के प्रचार के सिलसिले में अरूणाचल प्रदेश का दौरा किया था।
उधर बीजिंग में चीन के विदेश विभाग के प्रवक्ता मा झाऊक्सू ने कहा है कि भारत और चीन ने आधिकारिक तौर पर अपनी सीमा का निर्धारण नहीं किया है और भारत-चीन सीमा के पूर्वी हिस्से को लेकर चीन का रुख दृढ़ और स्पष्ट है।
झाऊक्सू ने कहा है, "हमारी मांग है कि भारतीय पक्ष चीन की गंभीर चिंताएं दूर करे और विवादास्पद क्षेत्र में गड़बड़ी पैदा न करे ताकि दोनों देशों के बीच स्वस्थ संबंधों का विकास हो सके।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications