गढ़चिरौली के 11 मतदान केंद्रों नक्सली हिंसा की छाया
एक अधिकारी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "पुष्ट जानकारी के मुताबिक दोपहर दो बजे तक अहेरी और अरमोरी विधानसभा क्षेत्रों के 11 मतदान केंद्रों पर मतदान आरंभ नहीं हुआ था।"
उन्होंने कहा कि इन मतदान केंद्रों पर सुरक्षाकर्मी और मतदान अधिकारी उपस्थित थे लेकिन सुबह हुई गोलीबारी के भय से मतदाता अपने घरों से नहीं निकले। यह जनजातीय बहुल क्षेत्र है। अतिरिक्त सुरक्षा बलों को बुलाया गया है जो बस पहुंचने ही वाले हैं।
उन्होंने कहा कि यदि मतदाताओं को मतदान के लिए पर्याप्त समय नहीं मिला तो फिर मतदान के लिए एक अन्य तिथि तय की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि नक्सलियों ने मंगलवार सुबह गढ़चिरौली के दो क्षेत्रों में गोलीबारी की। गोलीबारी की पहली घटना अहेरी के निकट हुई। मतदान आरंभ होने से पहले ही नक्सलियों ने यहां गोलीबारी आरंभ कर दी। इसके बाद तकरीबन 9.30 बजे नक्सलियों ने जिले के बोंधाई गांव में भी गोलीबारी की।
पिछले सप्ताह नक्सलियों ने यहां 17 पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी।
इससे पहले, गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक एस. जयकुमार ने आईएएनएस को बताया था, "अहेरी विधानसभा क्षेत्र के कसनपुर गांव में सुबह लगभग 6.30 बजे गोलीबारी हुई।"
जयकुमार ने कहा था कि घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। उन्होंने कहा, "मैं भरोसा दिलाना चाहता हूं कि स्थिति नियंत्रण में है और चिंता की कोई बात नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications