नक्सली हिंसा : सरकारी इमारतों को निशाना बनाया गया (लीड-1)
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में मंगलवार सुबह लगभग 6.30 नक्सलियों ने गोलीबारी की थी। पुलिस के अनुसार जिले के अहेरी विधानसभा क्षेत्र के कसनपुर गांव में नक्सलियों ने गोलीबारी की। गोलीबारी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बिहार पुलिस के अनुसार नक्सलियों ने मंगलवार तड़के करीब तीन बजे मुंगेर जिले के संग्रामपुर प्रखंड कार्यालय पर हमला बोला और कार्यालय की इमारत को विस्फोटकों से उड़ा दिया। घटना की पुष्टि करते हुए संग्रामपुर थाने के प्रभारी किशोर कुमार ने बताया कि इस घटना में प्रखंड कार्यालय की इमारत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद नक्सली फरार हो गए।
दूसरी ओर नक्सलियों ने औरंगाबाद जिले के मदनुपर थाना क्षेत्र के पड़ड़िया गांव और गया जिले के शेरघाटी अनुमंडल हुसैनगंज गांव में धावा बोलकर निजी मोबाइल कंपनी के दो टॉवरों को जला दिया। औरंगाबाद के पुलिस उपाधीक्षक अख्तर हुसैन और शेरघाटी अनुमंडल के पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रंजन कुमार ने इन घटनाओं की पुष्टि की।
इससे पहले नक्सलियों ने सोमवार देर रात बंशीपुर रेलवे स्टेशन पर हमला बोल दिया था। पुलिस के अनुसार भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के करीब 40-50 नक्सली सोमवार रात करीब 12 बजे बंशीपुर रेलवे स्टेशन पर आ धमके और वहां सहायक स्टेशन मास्टर (एएसएम) ए़ क़े गौड़ सहित स्टेशन पर तैनात कर्मचारियों को अपने कब्जे में कर लिया।
इसके बाद नक्सलियों ने स्टेशन के कंट्रोल पैनल सहित सभी कागजातों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद नक्सलियों ने बंधक बनाये गए सभी रेलकर्मियों को मुक्त कर दिया।
घटना की पुष्टि करते हुए राजकीय रेल पुलिस, जमालपुर के पुलिस अधीक्षक विमल कुमार ने मंगलवार को बताया कि घटना के बाद किउल-झाझा रेलखंड पर परिचालन ठप हो गया था, जिसे सुबह दुरूस्त किया गया।
दूसरी ओर झारखण्ड में नक्सलियों ने मंगलवार तड़के एक सरकारी विद्यालय की इमारत को विस्फोट से उड़ा दिया। इससे पहले सोमवार देर रात नक्सलियों ने पटरियों और चार मोबाइल टॉवरों को भी विस्फोट से उड़ा दिया था।
पुलिस के अनुसार नक्सलियों ने मंगलवार तड़के चतरा जिले के नवाडीह इलाके में एक सरकारी विद्यालय की इमारत को विस्फोट से उड़ा दिया।
इससे पहले सोमवार देर रात नक्सलियों ने दानिया और जोगेश्वर रेलवे स्टेशनों के बीच पटरियों को विस्फोट के जरिए उड़ा दिया था, जिससे इस मार्ग पर रेल सेवाएं प्रभावित हुईं। दूसरी ओर गुमला और पलामू जिलों में चार मोबाइल टॉवरों को भी नक्सलियों ने विस्फोट से उड़ा दिया था।
उल्लेखनीय है कि भाकपा (माओवादी) ने बिहार, झारखण्ड, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में सोमवार से दो दिवसीय बंद का ऐलान कर रखा है। छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में कमोबेश शांति बनी रही।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications