जम्मू एवं कश्मीर : जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित
राज्य में जूनियर डॉक्टर वेतनमान में कथित असमानता के विरोध में हड़ताल पर हैं। हड़ताल की वजह से श्रीनगर के सबसे बड़े अस्पताल एसएमएचएस में पिछले तीन दिनों के दौरान कोई ऑपरेशन नहीं हो सका है। सामान्य दिनों में यहां रोजाना कम से कम 10 ऑपरेशन किए जाते हैं।
जूनियर डॉक्टरों के प्रवक्ता रियाज अहमद ने कहा, "जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल जायज है क्योंकि अन्य राज्यों और यहां के वेतमान में भारी असमानता है।" राज्य में लगभग 4,000 जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर हैं।
हड़ताली जूनियर डॉक्टरों के संगठन के एक प्रतिनिधि ने कहा, "अगर सरकार गिरफ्तारी और धमकी का सहारा लेती है तो जूनियर डॉक्टर बड़े पैमाने पर इस्तीफे की योजना बना रहे हैं।"
हड़ताल का असर प्रसव के लिए मशहूर लालडेड अस्पताल पर भी पड़ा हैं। यहां पहले जहां प्रतिदिन 130 प्रसव होता था वहीं अब यह संख्या सोमवार को 16 पर पहुंच गई।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "राज्य के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने सोमवार शाम हड़ताली डॉक्टरों के प्रतिनिधियों से मुलकात की थी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications