झारखण्ड में 2 कोयला खदान अधिकारियों की हत्या
पुलिस के मुताबिक नक्सलियों द्वारा देश के पांच राज्यों में रखे गए दो दिवसीय बंद के पहले दिन सोमवार को झारखण्ड के पाकुर जिले के अमरपारा इलाके में 'पानम कोल कंपनी' के निदेशक शीतल प्रसाद और अतिरिक्त निदेशक दीनानाथ की उस समय हत्या कर दी गई जब वे सुबह की सैर पर निकले थे।
दुमका क्षेत्र के उप महानिरीक्षक मुरारी लाल मीणा ने आईएएनएस को बताया, "यह नक्सली या फिर आपराधिक वारदात हो सकती है। हम इसमें नक्सलियों के शामिल होने की आशंका से इंकार नहीं कर सकते।"
एक अन्य वारदात में नक्सलियों ने बोकारो जिले में पटरी उड़ा दी। पुलिस ने बताया कि नक्सलियों ने बोकारो थर्मल और झारनडीह रेलवे स्टेशनों के बीच पटरी उड़ाई, जिससे रेल सेवाएं बाधित हुईं। यहां 10 रेलगाड़ियों का मार्ग बदल दिया है।
नक्सलियों ने राज्य में चार ट्रकों को भी आग लगा दी और एक पुल को विस्फोट कर उड़ा दिया। धनबाद में एक ट्रक और गिरडीह जिले में तीन ट्रकों को आग लगाई गई। गिरडीह में ही नक्सलियों ने एक पुल को उड़ाया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "धनबाद जीटी से गुजरने वाली बसों पर नक्सलियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की जिससे तीन लोग घायल हो गए।"
गौरतलब है कि प्रतिबंधित नक्सली संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) ने पांच राज्य में सोमवार से दो दिनों के बंद का आह्वान कर रखा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications