दक्षिण कोरिया का उत्तर कोरिया से वार्ता का प्रस्ताव
सियोल, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। सीमावर्ती नदी इमिजिन में अचानक आने वाली बाढ़ रोकने के उपायों पर विचार-विमर्श करने के लिए दक्षिण कोरिया ने उत्तर कोरिया के समक्ष वार्ता का प्रस्ताव रखा है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार यदि वार्ता हुई तो नदी के ऊपरी बहाव से अचानक पानी छोड़ने के मुख्य मुद्दे को सुलझाने का प्रयास होगा। पांच सितम्बर को उत्तर कोरिया के एक बांध से अचानक पानी छोड़े जाने के कारण दक्षिण कोरिया में छह लोगों की मौत हुई थी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार केसांग शहर में वार्ता के लिए उत्तर कोरिया के अधिकारियों को पत्र शीघ्र ही भेजा जाएगा।
दक्षिण कोरिया ने पानी अचानक छोड़े जाने के लिए उत्तर कोरिया से माफी मांगने को कहा था लेकिन उत्तर कोरिया ने कहा कि वह पानी का स्तर घटाने के लिए बांध से पानी छोड़ने के लिए मजबूर था। दक्षिण कोरिया ने इसे संतोषजनक नहीं माना।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications