दिल्ली मेट्रो के दूसरे चरण के लिए सुरंग का काम लगभग पूरा
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के प्रवक्ता अनुज दयाल ने सोमवार को यहां संवाददाताओं को बताया, "दिल्ली मेट्रो ने दूसरे चरण के भूमिगत विस्तार के लिए अंतिम सेगमेंट्स खड़े कर दिए हैं। सुरंग बनाने वाली मशीन (टीबीएम) अब दूसरे चरण के लिए सुरंग के काम को समाप्त करने के करीब है।"
प्रवक्ता ने बताया कि मेट्रो के केंद्रीय सचिवालय-बदरपुर मार्ग पर जंगपुरा और लाजपत नगर के बीच आधा किलोमीटर दूरी के लिए सुरंग बनाने का काम जारी है। इस मार्ग को सितंबर 2010 तक खोला जाना निर्धारित है।
आंशिक रूप से भूमिगत और ऊपर की ओर निकलने वाले कॉरिडोर पर सुरंग का कठिन काम संभवत: मंगलवार को पूरा हो जाएगा। दिल्ली मेट्रो के दूसरे चरण का लगभग 28 प्रतिशत विस्तार भूमिगत है।
दयाल ने कहा, "इस काम में न्यू आस्ट्रियन टनेलिंग मेथड (एनएटीएम) का इस्तेमाल किया जा रहा है। सुरंग का काम लगभग पूरा हो गया है, बस कुछ छोटे-मोटे काम बच गए हैं, जिन्हें दो महीनों के भीतर पूरा कर लिए जाने की संभावना है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications