विधानसभा चुनाव : मतदान से पहले सबने किए जीत के दावे (लीड-1)
तीनों राज्यों में सबसे बड़ा राज्य होने के कारण महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव पर सबकी निगाहें टिकी हैं। यहां फिलहाल कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) गठबंधन सत्ता में है। शिव सेना व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन से उसका मुख्य मुकाबला है। राजनीतिक प्रेक्षकों की मानें तो राज ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) दोनों में किसी भी गठबंधन का खेल या तो बना या बिगाड़ सकती है।
कांग्रेस और भाजपा ने महाराष्ट्र में अपनी-अपनी जीत का दावा किया। कांग्रेस प्रवक्ता व सचिव मोहन प्रकाश ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "हम राकांपा के साथ मिलकर महाराष्ट्र में फिर से सरकार बनाएंगे। इस चुनाव में कांग्रेस पहले से बेहतर प्रदर्शन करेगी।"
भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "महाराष्ट्र में शिव सेना के साथ हम अपनी सरकार बनाएंगे। कांग्रेस-राकांपा के 10 वर्षो के कुशासन और मंहगाई से प्रदेश की जनता त्रस्त हो चुकी है।"
इस चुनाव में 211 महिलाओं सहित कुल 3559 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत दांव पर है। कुल 7,58,11,245 मतदाता इन उम्मीदवारों का चुनावी भविष्य मंगलवार को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में बंद कर देंगे।
चुनाव के मद्देनजर रविवार शाम को ही सभी 288 विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार का शोर थम गया था। इसके बाद सोमवार को उम्मीदवारों ने घर-घर जाकर मतदाताओं को लुभाने की कोशिश की।
हरियाणा की 90 सीटों के लिए होने वाले विधानसभा चुनाव में मंगलवार को कुल 1,31,13,011 मतदाता 1,222 उम्मीदवारों का चुनावी भाग्य इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में बंद कर देंगे।
हरियाणा में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के बीच है। पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के नेतृत्व वाली हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजकां) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भी पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ रही है।
हरियाणा के चुनाव मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा के लिए अग्नि परीक्षा है क्योंकि उन्होंने जल्द चुनाव कराने के लिए निर्धारित समय से पूर्व ही विधानसभा भंग करने की सिफारिश की थी।
हुड्डा ने रविवार शाम पत्रकारों से बातचीत में कहा था, "हम आसानी से फिर सत्ता हासिल कर लेंगे।" कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रविवार को हरियाणा में दौ रैलियों को संबोधित किया जबकि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी भी इससे पहले जनसभाओं को संबोधित कर चुके हैं।
इनेलो अध्यक्ष ओमप्रकाश चौटाला ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "हरियाणा में बदलाव की बयार साफ देखी जा सकती है। राज्य में अगली सरकार इनेलो की ही बनेगी।"
पूर्वोत्तर के राज्य अरूणाचल प्रदेश की 57 सीटों के लिए मंगलवार को मतदान होगा। यहां कुल 154 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला प्रदेश के 7,50,160 मतदाता करेंगे।
अरूणाचल प्रदेश विधानसभा की 60 सीटों में से 57 सीटों पर चुनाव होगा जबकि 3 सीटों पर निर्विरोध चुनाव संपन्न हो चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications