झगड़ रहे दंपतियों को दोबारा हनीमून पर भेजेगा मलेशिया
समाचार एजेंसी डीपीए ने मलेशियाई समाचार पत्र 'स्टार ऑनलाइन' के हवाले से इस संबंध में जानकारी दी। मलेशिया के पूर्वोत्तर प्रांत तेरेनगानू में तलाक के मामलों में वृद्धि को देखते हुए सरकार ने यह योजना बनाई है।
योजना के मुताबिक हनीमून के सारे खर्च का वहन राज्य सरकार उठाएगी। राज्य के सामुदायिक विकास समिति के अध्यक्ष अशारी इदरीस ने कहा कि सरकार उसी दंपति का खर्च वहन करेगी, जिसने तलाक के लिए याचिका दायर की है।
इदरीस ने कहा कि सरकार ने इस वर्ष ऐसे भी 25 दंपतियों को तीन दिन के लिए मुफ्त यात्रा पर भेजा था,जो आपस में झगड़ रहे थे। उन्होंने कहा कि यात्रा से लौटने के बाद इन सभी ने तलाक की योजना बदल ली थी।
उल्लेखनीय है कि मलेशिया में तलाक के मामले में लगातार वृद्धि हो रही है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार देश में लगभग 20 फीसदी लोग विवाह के एक वर्ष के भीतर ही तलाक ले लेते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications