व्यापक संघर्ष की तैयारी कर रहा है म्यांमार : बांग्लादेश
बांग्लादेश की सेना के हवाले से समाचार पत्र 'डेली स्टार' ने सोमवार को यह खबर प्रकाशित की कि म्यांमार सेना ने बांग्लादेश की सीमा पर रविवार को टैंक, तोपों तथा 13 युद्धपोतों को तैनात किया है।
बांग्लादेश ने भी जवाब में चटगांव और खुलना बंदरगाहों पर 30 युद्धपोतों को तैनात किया है। चटगांव स्थित नौसेना के एक अधिकारी ने अखबार को यह जानकारी दी।
विदेश मंत्री दीपू मोनी ने रविवार को बांग्लादेश सीमा पर म्यांमार की सैन्य तैयारियों को एक नियमित कार्रवाई बताया।
उन्होंने मीडिया से कहा, "मैंने म्यांमार में अपने राजदूत से बात की और उन्होंने मुझे बताया कि यह एक नियमित अभ्यास है।"
मोनी ने बताया कि विदेश सचिव मिजारुल कुयेस ने म्यामांर के राजदूत को तलब किया था और उन्होंने भी यही बात कही।
बहरहाल अखबार का कहना है कि जमीनी स्थिति विदेश मंत्रालय के दावों से मेल नहीं खाती और बांग्लादेश राइफल्स (बीडीआर) तथा खुफिया विभाग के कई सूत्रों ने सीमा पर तनावपूर्ण स्थिति की सूचना दी है।
बीडीआर के महानिदेशक मैनुल इस्लाम ने कहा कि सीमा पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications