छात्रों के हंगामे के बाद मथुरा में तनाव
जानकारी के मुताबिक गिरिराज महाराज विधि कॉलेज के छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन द्वारा विलंब से फीस जमा करने पर जुर्माना लगाने के विरोध में सोमवार को आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। इसकी वजह से घंटों तक मुसाफिरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
हालात काबू करने मौके पर पहुंची पुलिस की छात्रों के साथ जमकर झड़प हुई। इस दौरान छात्रों ने पुलिस पर पथराव आरंभ कर दिया तथा राजमार्ग पर खड़े कई वाहनों में तोड़फोड़ की और उन्हें आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए बेकाबू छात्रों पर लाठियां भांजी, जिससे कई छात्र घायल हो गए।
जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी. डी. पॉल्सन ने संवाददाताओं से कहा कि स्थिति फिलहाल पूरी तरह से नियंत्रण में है। उपद्रवी छात्रों की पहचान की जा रही है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications