आईटी उद्योग हासिल कर सकता है दोहरे अंकों की वृद्धि दर : इंफोसिस
बेंगलुरू, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। अग्रणी सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी इंफोसिस के मुख्य कार्यकारी एस.एस. गोपालकृष्णन ने सोमवार को कहा कि मंदी से वैश्विक अर्थव्यवस्था के पूरी तरह उबर जाने के बाद सूचना प्रौद्योगिकी उद्योग एक बार फिर दोहरे अंकों की वृद्धि दर हासिल कर सकता है।
गोपालकृष्णन ने आईएएनएस को साक्षात्कार में बताया कि उनकी कंपनी ब्राजील, मेक्सिको और चीन में कारोबार का विस्तार करेगी।
अमेरिका में आर्थिक संकट का असर पूरी दुनिया में मंदी के रूप में दिखने के बाद भारतीय सॉफ्टवेयर सेवा क्षेत्र की कंपनियों जैसे टाटा कंसल्टेंसी सर्विस सेंटर, इंफोसिस और विप्रो की इस साल वृद्धि दर घट कर एकल अंक में आ गई। सदी की सबसे भीषण मंदी के में फंसी कंपनियों ने आईटी पर होने वाले खर्च में कटौती कर दी थी।
इंफोसिस के सह संस्थापक ने कहा, " हमे अभी देखना होगा कि अर्थव्यवस्था की बहाली किस तरह हो रही है क्योंकि बहुत से लोगों का मानना है कि हम 2007 की स्थिति तक नहीं पहुंच पाएंगे। उस समय आर्थिक क्षेत्र में आई तेजी अप्रत्याशित थी जिसने अर्थव्यवस्था में कई खतरों को जन्म दिया।"
गोपालकृष्णन ने कहा कि मंदी से पूरी तरह से उबरने के बाद भारतीय सॉफ्टवेयर उद्योग अधिक मजबूती से वापसी करेगा क्योंकि वह भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए बेहतर तरीके से तैयार है।
उन्होंने जोर दिया, " चालू वित्तीय वर्ष की दूसरी तिमाही में हमारी कंपनी का प्रदर्शन बेहतर रहा है और अगर यह बरकरार रहता है तो तीसरी और चौथी तिमाही में हमारी वृद्धि दर बेहतर रहेगी।"
लेकिन मुद्रा बाजार में अस्थिरता से कंपनियों का प्रबंधन परेशान है क्योंकि डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमतों में उतार-चढ़ाव होने से कंपनियों का राजस्व प्रभावित होता है।
गोपालकृष्णन ने कहा, "हम शोध एवं विकास, बौद्धिक संपदा पर आधारित समाधान पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications