शुल्क न जमा करने पर छात्रा की पिटाई, मामला दर्ज
प्राप्त जानकारी के अनुसार जहानागंज थाना क्षेत्र के केरमा कस्बे में स्थित मां शारदा जूनियर हाई स्कूल में रविवार को शिक्षक ध्रुपद कुमार ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए पांच रुपये शुल्क न जमा करने पर कक्षा पांच की छात्रा पूजा चौहान (10 वर्ष) की कथित रूप से बेरहमी से पिटाई की और मौके से फरार हो गया।
सहपाठियों ने तत्काल पूजा के परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसे गंभीर हालत में तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के मुताबिक पूजा की पीठ की पसलियां टूट गइर्ं हैं। पूजा को स्वस्थ होने में समय लगेगा।
जिले के अपर पुलिस अधीक्षक ओ.पी.श्रीवास्तव ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया, "आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।"
श्रीवास्तव के अनुसार पीड़िता ने पुलिस को बताया कि रविवार को स्कूल में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसके लिए हर छात्र-छात्रा को पांच रुपये शुल्क जमा करने को कहा गया था। पूजा ने जब पैसे न होने के कारण शुल्क देने में असमर्थता जताई तो शिक्षक ने स्कूल में छात्रों के सामने उसे लातों और घूसों से पीटना शुरू कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications