अंबानी बंधुओं के बयानों से उनकी कंपनियों के शेयर मूल्य बढ़े
मुंबई, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। छोटे भाई अनिल अंबानी की सुलह की पेशकश को बड़े भाई मुकेश अंबानी द्वारा सकरात्मक कदम बताते हुए उसका स्वागत करने के बाद सोमवार को अंबानी बंधुओं के नेतृत्व वाली कंपनियों के शेयर मूल्यों में वृद्धि देखी गई।
अनिल अंबानी समूह की रिलायंस नेचुरल रिसोर्सेज का शेयर मूल्य कारोबार के एक ही घंटे में 4.04 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 86.35 रुपये हो गया। इसकी कीमत 87.15 रुपये तक पहुंची थी।
मुकेश के नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर मूल्य में 1.58 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और 2,140.00 के उच्च स्तर पर पहुंचने के बाद यह 2,133 पर कारोबार कर रहा था।
विश्लेषकों का मानना है कि अनिल अंबानी समूह को गैस आपूर्ति सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों का सुलझना बाकी रहने के बावजूद दोनों भाइयों की सकारात्मक पहल से शेयरों का मूल्य बढ़ा है।
उल्लेखनीय है कि बद्रीनाथ और केदारनाथ का दर्शन करने के बाद अनिल ने रविवार को मुकेश के पास सुलह का संदेश भेजा था। इस कदम का स्वागत करते हुए मुकेश ने कहा कि ऐसा कोई भी मुद्दा नहीं है जो आपसी बातचीत से नहीं सुलझाया जा सकता। परंतु रिलायंस इंडस्ट्रीज ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि गैस विवाद का हल सर्वोच्च न्यायालय से होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications