राजस्थान इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इन्स्ट्रूमेन्ट्स (रील) स्कोप अवार्ड के लिए चयनित
जयपुर, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजस्थान इलेक्ट्रॉनिक्स एण्ड इन्स्ट्रूमेन्ट्स(रील) को 'स्मालर पब्लिक एन्टरप्राइज' श्रेणी में वर्ष 2006-07 के लिए स्कोप अवार्ड के लिए चयनित किया गया है। रील के प्रबन्ध निदेशक एम.एम. भारद्वाज प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह से आगामी 15 अक्टूबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में यह पुरस्कार ग्रहण करेंगे।
रील को सार्वजनिक उपक्रम प्रबंधन के क्षेत्र में विशेष कर ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में उत्कृष्ट योगदान एवं उल्लेखनीय व सराहनीय सेवाओं के लिए यह सम्मान प्रदान किया जा रहा है। 'रील' को पुरस्कार स्वरूप "सिल्वर ट्रॉफी" एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया जायेगा।
उल्लेखनीय है कि रील पिछले वर्षों से राष्ट्र की सेवा में विशेष कर ग्रामीण क्षेत्रों में इलेक्ट्रॉनिकी, अक्षय ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी, औद्योगिकी इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पाद इत्यादि के लिए तकनीकी सेवाएं प्रदान कर रही है, जो कि डेयरी उद्योग एवं अक्षय ऊर्जा के माध्यम से ग्रामीण भारत में प्रकाश फैलाने, ई गवर्नेस प्रणाली को मजबूती प्रदान करने के योगदान कर रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications