कंटेनर डिपो के लिए हिमाचल ने किया समझौता
शिमला, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने बद्दी में कंटेनर डिपो स्थापित करने के लिए समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किया है तथा क्षेत्र को मोहाली अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से एक्सप्रेस- वे द्वारा जोड़ने के लिए पंजाब सरकार के साथ शीघ्र एक अन्य समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किया जाएगा।
यह जानकारी मुख्यमंत्री प्रो़ प्रेम कुमार धूमल ने आज सोलन जिले के नालागढ़ उपमंडल के बद्दी में बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ औद्योगिक संघ द्वारा आयोजित तीन दिवसीय दिवाली मेले के उद्घाटन अवसर पर दी।
प्रो़ धूमल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने कंटेनर कारपोरेशन ऑफ इंडिया के साथ नालागढ़ के शीतलपुर (बद्दी) में इंडियन कंटेनर डिपो से समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किया है। उन्होंने कहा कि डिपो के स्थापित होने से स्थानीय उद्यमियों को अपने उत्पादों को प्रदेश से बाहर बाजारों तक पहुॅंचाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को चंडीगढ़ शहर से जोड़ने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में बेहतर सम्पर्क सुविधा उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार उद्यमियों को बेहतर अधोसंरचना सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कृत-संकल्प है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र को मोहाली एयरपोर्ट से जोड़ने से उद्योगपति सीधे तौर पर विदेशों से भी जुड़ सकेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications