विकास और जलवायु परिवर्तन पर विश्व बैंक की रिपोर्ट जारी
अबूधाबी, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। विश्व बैंक की ओर से रविवार को यहां जारी एक रिपोर्ट में कहा गया है कि विकासशील देश विकास को बढ़ावा देते समय कॉर्बन उत्सर्जन में कमी लाने का रास्ता अख्तियार कर सकते हैं, लेकिन यह विकसित राष्ट्रों से वित्तीय व तकनीकी मदद पर निर्भर होगा।
'विश्व विकास रिपोर्ट 2010 : विकास और जलवायु परिवर्तन' में कहा गया है, "उच्च आय वाले देशों को भी जलवायु परिवर्तन की समस्या से निपटने में सहयोग करने के लिए अपने कॉबर्न उत्सर्जन में तत्काल कमी लाने और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को विकसित करने की आवश्यकता है।"
समाचार एजेंसी डब्ल्यूएएम ने खबर दी है कि यह र्पिोट यहां ऐसे समय में जारी की गई है, जब दिसंबर महीने में कोपनहेगन में जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र की बैठक होने वाली है।
रिपोर्ट में विकसित देशों से आग्रह किया गया है कि जलवायु परिवर्तन की समस्या को सुलझाने के लिए अब कार्रवाई की जानी चाहिए। रिपोर्ट में कहा गया है कि यदि विकसित देश कार्रवाई करते हैं तभी एक जलवायु संपन्न विश्व संभव हो पाएगा।
विश्व बैंक के अध्यक्ष रॉबर्ट बी.जोएलिक ने कहा है, "दुनिया के देशों को जलवायु परिवर्तन पर अब हर हाल में कार्रवाई करनी चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications