भारतीय प्रयास सराहनीय : अफगान रेडक्रास प्रमुख
नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। काबुल में भारतीय दूतावास पर हमले को अत्यधिक परेशानी पैदा करने वाला बताते हुए अफगानिस्तान में रेडक्रास प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख रेटो स्टॉकर ने युद्ध से तबाह देश में भारत के पुनर्निर्माण और विकास कार्यो की सराहना की।
हाल ही में भारत आए स्टॉकर ने आईएएनएस से कहा, "यह बहुत परेशान करने वाला है। कई नागरिक मारे गए हैं।"
वह गुरुवार को काबुल से रवाना हुए थे। इसी दिन भारतीय दूतावास पर हमले में 17 अफगान नागरिकों की मौत हुई थी और 80 से अधिक लोग घायल हुए थे।
स्टॉकर ने हमले के पीछे के उद्देश्य पर अटकलें लगाने से मना कर दिया लेकिन कहा कि विकास की गतिविधियों से भारत ने अफगानिस्तान में बहुत सद्भावना अर्जित की है।
वर्ष 2005 से ही अफगानिस्तान में रेडक्रास के प्रमुख स्टॉकर ने कहा कि भारत के विकास प्रयासों ने अफगान नागरिकों से काफी सराहना अर्जित की हैं। देश के लोगों का जीवन सुधारने के प्रति ईमानदार प्रतिबद्धता का प्रत्येक अफगान स्वागत करता है।
उन्होंने कहा कि हेरात के समीप एक बांध के निर्माण, चिमताला में एक बिजली संयंत्र और सड़कों के निर्माण की वह प्रशंसा करते हैं।
उल्लेखनीय है कि भारत ने अफगानिस्तान में निर्माण परियोजनाओं के लिए 1.2 अरब डॉलर की सहायता देने की घोषणा की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications