आंध्र में बाढ़ पीड़ितों ने मुख्यमंत्री के काफिले को रोका
मुख्यमंत्री रोसैया ने प्राकृतिक आपदा के बाद प्रभावित इलाकों का जैसे ही अपना पहला दौरा शुरू किया, बाढ़ प्रभावित महबूबनगर जिले के आलमपुर कस्बे में बड़ी संख्या में लोगों ने उनके काफिले को रोक दिया।
एक खुली जीप में राज्य के कुछ मंत्रियों के साथ खड़े होकर मुख्यमंत्री कस्बे का जायजा लेने जा रहे थे, तभी पीड़ितों के एक समूह ने उनके काफिले को रोक दिया। पीड़ितों ने उन्हें जीप से नीचे उतर कर अंदरूनी इलाकों में तबाह हुए अपने घरों को देखने के लिए कहा।
पीड़ित 'मुख्यमंत्री नीचे आओ' का नारा लगा रहे थे। इस दौरान पुलिसकर्मियों और मुख्यमंत्री के सुरक्षा कर्मियों के साथ पीड़ितों की गर्मागर्म बहस हो गई। मुख्यमंत्री के काफिले को रास्ता देने के लिए कुछ पुलिसकर्मियों ने हल्का बल प्रयोग भी किया।
रोसैया को कुरनूल कस्बे में भी ठीक इसी तरह की परिस्थिति का सामना करना पड़ा। पीड़ितों ने मुख्यमंत्री को अपनी दुखद कहानी सुनाने की कोशिश की। रोसैया ने कहा कि इस भयानक बाढ़ के दौरान जान-माल का कम से कम नुकसान हो, इसके लिए उनकी सरकार ने यथासंभव सर्वोत्तम प्रयास किए हैं।
कुरनूल में रात्रि विश्राम के बाद मुख्यमंत्री नांदयाल कस्बे का दौरा करेंगे। उसके बाद वह गुंटूर और कृष्णा जिले की यात्रा पर निकल जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications