बच्चा बेचकर उतारने जा रहा था कर्ज
घटना कोतवाली के नौरंगाबाद मुहल्ले की है, जहां सूदखोरों का कर्ज चुकाने के लिए कौशल कुमार (30) अपने पांच साल के बच्चे को बेचने निकला था। एक समाचार चैनल द्वारा खबर प्रसारित करने के बाद पुलिस प्रशासन तत्काल हरकत में आया और कार्रवाई करते हुए दो सूदखोरों को गिरफ्तार किया।
जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक असीम अरुण ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद तत्काल छापेमारी अभियान चलाकर राजा और देबू नाम के दो सूदखोरों को गिरफ्तार किया गया है। एक अन्य फरार आरोपी संजय की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक कौशल ने कुछ समय पहले इन सूदखोरों से 60 हजार रुपये कर्ज लिया था। सूदखोर लगातार पैसों के लिए कौशल को प्रताड़ित कर कर्ज न लौटाने पर जान से मारने की धमकी दे रहे थे, जिसके बाद तंग आकर कौशल ने कर्ज चुकाने के लिए अपने बच्चे को बेचने का फैसला किया था।
अरुण ने कहा कि इस घटना के बाद हमने अपील जारी कर लोगों से कहा है कि जो भी लोग सूदखोरों से परेशान हैं, तत्काल पुलिस से शिकायत करें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications