हमनाम क्रिकेटर की मौत से लुधियाना के गगनदीप मुश्किल में
चंडीगढ़, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में दुर्घटनावश गोली का शिकार हुए क्रिकेट खिलाड़ी गगनदीप सिंह की मौत ने पंजाब में उनके एक हमनाम क्रिकेट खिलाड़ी को मुश्किल में डाल दिया है।
लुधियाना का यह खिलाड़ी 48 घंटों तक अपने परिजनों और दोस्तों को यह भरोसा दिलाने में व्यस्त रहा कि वह जिंदा है। यह महज संयोग की बात है कि लुधियाना के इस खिलाड़ी का भी नाम गगनदीप सिंह ही है।
दरअसल, गगनदीप की मुश्किल टीवी चैनलों की गैरजिम्मेदारी का नतीजा है। चैनलों ने इस घटना की खबर चलाने के दौरान उसी की तस्वीर दिखाई थी।
गगनदीप ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "इलेक्ट्रॉनिक मीडिया ने इस खबर को लेकर बहुत ही गैरजिम्मेदाराना रुख दिखाया। मैंने महसूस किया कि ब्रेकिंग न्यूज के लिए टीवी चैनल किसी भी हद तक जा सकते हैं। उन्हें किसी की भावनाओं से कोई सरोकार नहीं। अपनी टीआरपी बढ़ाने के लिए वे कुछ भी कर सकते हैं।"
दरअसल, मेरठ में जिस क्रिकेट खिलाड़ी गगनदीप सिंह की हत्या हुई थी, वह भारत की अंडर-19 टीम का सदस्य था। चार युवाओं द्वारा एक दुकानदार पर हमले करने के दौरान बीच-बचाव करते हुए गगनदीप को अपनी जान गंवानी पड़ी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications