ग्वालियर के दो वैज्ञानिकों के खिलाफ मामला दर्ज
ग्वालियर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एम. एस. वर्मा ने रविवार को आईएएनएस को बताया कि सुशील की पत्नी श्रद्धा शर्मा की शिकायत पर दो वरिष्ठ वैज्ञानिकों कामेश्वर राव और ए़ बी़ एस. भास्कर पर विश्वविद्यालय थाने में मारपीट, बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं 323, 506, 342 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि डी़ आर.डी.ओ के जूनियर वैज्ञानिक सुशील कुमार शर्मा की पत्नी श्रद्धा शर्मा ने शुक्रवार को विश्वविद्यालय थाने में एक शिकायती पत्र देकर दो वरिष्ठ वैज्ञानिकों कामेश्वर राव तथा ए़ बी़ एस़. भास्कर पर तंत्र मंत्र के जरिए सुशील को शारीरिक नुकसान पहुंचाने और बलि देने की कोशिश करने का आरोप लगाया था।
श्रद्धा का आरोप है कि छह और सात अक्टूबर की दरम्यानी रात सुशील को फोन करके दोनों वैज्ञानिकों ने अपने रक्षा विहार स्थित आवास पर बुलाया। देर रात हो जाने पर सुशील को राव के घर पर सोने के लिए रोक लिया गया। श्रद्धा का आरोप है कि अगले दिन सुबह जब सुशील की नींद खुली तो उसके चेहरे पर राव ने पानी छिड़का और धारदार हथियार से चोट पहुंचाई। सुशील के शरीर पर घावों के कई निशान भी हैं।
श्रद्घा का आरोप है कि वैज्ञानिक राव तांत्रिक प्रवृत्ति के हैं और उन्होंने उसके पति की बलि देने की कोशिश की। श्रद्धा का कहना है कि इस घटना के बाद से सुशील गहरे सदमे में हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications