हिमाचल से सेब के सांद्र उत्पादन को झटका
शिमला, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश में सेब की खेती के रकबे में आई कमी के कारण सेब के सांद्र उत्पादन में कमी आना लाजिमी है। इससे राज्य के बागवानी विभाग को तगड़ा झटका लगा है।
बागवानी मंत्री नरेंद्र बरागटा ने कहा, "इस सत्र में सेब का कुल उत्पादन 1 करोड़ 80 लाख पेटी होगा। एक पेटी में 25 किलो सेब होता है। पिछले साल के दो करोड़ 60 लाख पेटी के मुकाबले यह काफी कम है।
बरागटा ने आईएएनएस को बताया, "सेब के कुल उत्पादन में कमी आने के कारण हार्टीकल्चर प्राड्यूस मार्केटिंग एंड प्रोसेसिंग कारपोरेशन (एचपीएमसी) का कुल सांद्र उत्पादन भी कम होगा। अभी तक सिर्फ 700 टन सेब ही प्राप्त किया जा सका है। पिछले साल इस समय तक 35,000 टन सेब की खरीद हो चुकी थी।"
एचपीएमसी सांद्र बनाने के लिए सेब की खरीद करता है जिसका उपयोग फल का जूस और पेय पदार्थ बनाने में किया जाता है।
उन्होंने कहा, "सेब का सत्र लगभग खत्म हो चुका है। इस समय ज्यादातर फसल किन्नौर और लाहौल एवं स्फीति जिलों से आ रही है। इस महीने के अंत तक सेब का सत्र खत्म हो जाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications