भाजपा को समर्थन देना संघ की मजबूरी नहीं : भागवत
संघ के एक नेता ने आईएएनएस को बताया कि बिहार के राजगीर शहर में आरएसएस के सदस्यों को संबोधित करते हुए संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि वे 'राष्ट्रहित में' किसी भी राजनीतिक दल को उसकी योजनाओं और कार्यक्रमों के आधार पर समर्थन दे सकते हैं।
भागवत संघ की कार्यकारिणी की तीन-दिवसीय बैठक के अंतिम दिन सदस्यों को संबोधित कर रहे थे।
आरएसएस सूत्र ने फोन पर बताया, "स्वयं सेवकों से कह दिया गया है कि भाजपा को समर्थन देना उनकी मजबूरी नहीं है। उन्होंने सदस्यों से किसी भी राजनीतिक दल को उसकी योजनाओं और कार्यक्रमों के आधार पर समर्थन देने के लिए कहा है।"
संघ को भाजपा का विचारधारात्मक मार्गदर्शक माना जाता है। पिछले दो दिनों में आरएसएस ने ग्रामीणों के घर पहुंचने के लिए कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी और गृह मंत्री पी. चिदम्बरम की नक्सलियों के खिलाफ 'जैसे को तैसा' योजना की घोषणा की प्रशंसा की है।
मोहन भागवत का यह वक्तव्य उस समय आया है जब मंगलवार को महाराष्ट्र, हरियाणा और आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। महाराष्ट्र और हरियाणा में कांग्रेस के खिलाफ भाजपा मुख्य विरोधी दल है।
संघ की बैठक में देशभर से 350 सदस्य शामिल हुए थे।
संघ सूत्रों ने बताया कि बैठक में आतंकवाद, नक्सली हिंसा, पाकिस्तान और चीन के साथ सीमा विवाद, ग्रामीण विकास, सूखे व गौ रक्षा आंदोलन 'गऊ ग्राम यात्रा' पर चर्चा हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications