आतंकवाद को पाकिस्तानी समर्थन दक्षिण एशिया के लिए गंभीर खतरा : प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री ने पत्रकारों से कहा कि पाकिस्तान की जनता और सरकार को महसूस करना चाहिए कि आतंकवादी संगठनों के संरक्षण से दक्षिण एशिया को भारी खतरा है।
उन्होंने कहा, "पाकिस्तान और अफगानिस्तान की स्थिति वैसी नहीं है, जैसी होनी चाहिए। दोनों देशों में बढ़ता आतंकवाद हम सभी के लिए चिंताजनक है।"
प्रधानमंत्री ने कहा कि पड़ोसी राष्ट्रों से देश में आतंकवाद के प्रसार से निपटने के लिए सरकार ने पर्याप्त तैयारी की है। इस संबध में सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
काबुल में भारतीय दूतावास पर हुए हमले के तीन दिन बाद और पाकिस्तान के सैन्य मुख्यालय पर हुए हमले के एक दिन बाद प्रधानमंत्री ने यह टिप्पणी की है।
सिंह ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में आतंकवादी गतिविधियों के लिए भारत जिम्मेदार नहीं है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस संबंध में पाकिस्तान के सभी आरोप पूरी तरह गलत हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा, "पाकिस्तान या किसी अन्य देश में आतंकवाद का निर्यात करने के काम में हम शामिल नहीं हैं। पाकिस्तान की जनता और सरकार को अच्छी तरह से पता है कि यह एक झूठा आरोप है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications