चुनाव का मुख्य मुद्दा -'हरियाणा नंबर 1'
चण्डीगढ़, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। 'हरियाणा नंबर 1' शायद इसे सुनकर आपको डेविड धवन की फिल्मों की याद आ गई होगी लेकिन राज्य में 13 अक्टूबर हो रहे चुनाव में सबसे प्रमुख मुद्दा यही वाक्य बना हुआ है।
जहां राज्य के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुडा बार-बार कह रहे हैं कि हरियाणा कई मसलों में नंबर एक राज्य है वहीं विपक्षी दल कांग्रेस के इस दावे की खिल्ली उड़ा रहे हैं।
हुडा ने आईएएनएस से कहा, "राज्य की जनता ने कांग्रेस के शासन में विकास को देखा है। जनता ने उन अवसरवादी नेताओं को भी देखा है, जिन्होंने राज्य को बर्बाद कर दिया। अन्य राज्यों की तुलना में हरियाणा प्रति व्यक्ति आय और अन्य मामलों में नंबर एक है।"
हुडा के दावों पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी मुहर लगा चुकी हैं। सोनिया गांधी ने यहां तक कहा है कि जब राज्य में कांग्रेस सत्ता में नहीं थी तो यहां की स्थिति 'जिसकी लाठी उसी भैंस' की तरह थी।
दूसरी ओर हुडा के दावों को विपक्षी दलों के नेता नकार रहे हैं। इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला ने कहा, "राज्य में प्रोपट्री डिलरों की सरकार है। हरियाणा भ्रष्टाचार के मामले में नंबर एक है। राज्य में बदलाव स्पष्ट नजर आ रहा है।"
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय कुमार गोयल का कहना है, "ये सिर्फ वादों, घोषणाओं और घोटालों की सरकार है। हम चाहते हैं कि हरियाणा की जनता हमें मौका दे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications