जूनियर क्रिकेटर गगनदीप की हत्या
मेरठ, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में शुक्रवार रात कुछ अज्ञात हमलावरों ने अंडर-19 क्रिकेटर गगनदीप की गोली मारकर हत्या कर दी।यह जानकारी पुलिस ने शनिवार को दी।
पुलिस के मुताबिक मेरठ के लाल कुर्ती इलाके में शुक्रवार रात एक व्यक्ति पर हमला कर भाग रहे चार युवकों में से एक को गगनदीप ने पकड़ने की कोशिश और तभी हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी।
पुलिस निरीक्षक राकेश कुमार ने आईएएनएस को बताया, "चार हमलावर व्यापारी हाजी शाहनवाज को गोली मारकर भाग रहे थे। उसी दौरान गगनदीप ने अपने दोस्तों के साथ एक हमलावर को पकड़ने की कोशिश की। एक युवक ने गगनदीप पर फायरिंग कर दी। जूनियर क्रिकेटर को अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया।"
कुमार के अनुसार, "शाहनवाज और एक अन्य व्यक्ति को हल्की चोट आई थी जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। शाहनवाज यहां मांस की दुकान चलाते हैं और शुक्रवार दोपहर उनका कुछ युवकों से विवाद हो गया था। ये युवक ही रात में उन्हें मारने पहुंचे थे।"
गौरतलब है कि कानपुर निवासी गगनदीप उत्तर प्रदेश अंडर-19 टीम के सदस्य थे। वह यहां सी. के. नायडू ट्रॉफी में हैदराबाद के खिलाफ मैच खेलेन आए थे। वारदात के समय वह अपने दो साथियों के साथ होटल लौट रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications