सर्दियों में स्वाइन फ्लू के गंभीर रूप लेने का खतरा
अजरा रहमान
नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के बाद राजधानी दिल्ली में स्वाइन फ्लू के सबसे अधिक मामले दर्ज किए गए हैं और विशेषज्ञों का कहना है कि सर्दियों के मौसम में स्थिति और अधिक खराब होने की आशंका है।
सरकारी स्वास्थ्य अधिकारियों और चिकित्सकों को कड़े एहतियाती उपाय बरतने की सलाह दी गई है।
दिल्ली की स्वास्थ्य मंत्री किरण वालिया ने यह स्वीकार किया कि सर्दियों में स्वाइन फ्लू की स्थिति गंभीर हो सकती है। उन्होंने कहा कि सभी इससे निपटने के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
वालिया ने आईएएनएस से कहा, "यह सभी को पता है कि सर्दियों में तापमान गिरने से एच1एन1 वायरस अधिक फैलेगा। बहरहाल, घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। यदि अधिक संख्या में लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है तो उनमें अधिकांश ठीक भी हुए हैं।"
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार गुरुवार तक दिल्ली में स्वाइन फ्लू के 2,941 मामले सामने आएं हैं। इनमें से 15 लोगों की मौत हुई है। महाराष्ट्र में स्वाइन फ्लू के 3,187 मामले सामने आए और उनमें से 153 लोगों की मौत हुई।
अपना नाम प्रकाशित कराने के अनिच्छुक अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के एक वरिष्ठ स्वास्थ्य विशेषज्ञ ने कहा कि दिल्ली में या भारत में स्वाइन फ्लू के मामलों की अधिक संख्या अप्रत्याशित नहीं है।
उन्होंने कहा कि आम फ्लू की तरह स्वाइन फ्लू के मामले भी सर्दियों में बढ़ेंगे।
उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन पहले ही कह चुका है कि दुनिया की एक तिहाई आबादी स्वाइन फ्लू से प्रभावित होगी। इसलिए ये मामले सीमा के भीतर ही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications