दो वैज्ञानिकों पर साथी की बलि देने की कोशिश का आरोप
ग्वालियर, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। ग्वालियर स्थित रक्षा अनुसंधान एवं विकास स्थापना (डी़ आऱ डी़ ई़ ) के दो वरिष्ठ वैज्ञानिकों पर अपने कनिष्ठ साथी की बलि देन की कोशिश का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।
डी़ आऱ डी़ ई़ के कनिष्ठ वैज्ञानिक सुशील कुमार शर्मा की पत्नी श्रद्धा शर्मा ने विश्वविद्यालय थाने में एक शिकायती पत्र देकर दो वरिष्ठ वैज्ञानिक कामेश्वर राव तथा एस़ बी़ एस़ भास्कर पर तंत्र मंत्र के जरिए सुशील को शारीरिक नुकसान पहुंचाने और बलि देने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
श्रद्धा का कहना है कि 6 और 7 अक्टूबर की रात सुशील को फोन करके दोनों वैज्ञानिकों ने अपने रक्षा विहार स्थित आवास पर बुलाया। देर रात हो जाने पर राव के घर पर उसे रोक लिया गया। श्रद्धा का आरोप है कि सुशील की सुबह जब नींद खुली तो उसके चेहरे पर राव ने पानी छिड़का और धारदार हथियार से चोट पहुंचाई। सुशील के शरीर पर कई घाव के निशान भी हैं।
श्रद्धा का आरोप है कि वैज्ञानिक राव तांत्रिक प्रकृति के हैं और उन्होंने उसके पति की बलि देने की कोशिश की है। श्रद्धा का कहना है कि इस घटना के बाद से सुशील गहरे सदमे में है।
ग्वालियर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एम़ एस़ वर्मा ने शनिवार को आईएएनएस को बताया कि सुशील की पत्नी ने शिकायती आवेदन दिया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। इस आवेदन में दो वैज्ञानिकों पर तंत्र मंत्र के जरिए नुकसान पहुंचाने की बात कही गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चिकित्सकों की रिपोर्ट आने पर ही अगली कार्रवाई होगी।
जिन दो वैज्ञानिकों पर श्रद्धा ने आरोप लगाए हैं उनसे आईएएनएस ने संपर्क किया मगर वे दोनों उपलब्ध नहीं हुए।
इंडो एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications