चंडीगढ़ के मॉलों में रक्त संग्रह केंद्र खोलने की योजना
'नेशनल एड्स कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन' (नेको) ने चंडीगढ़ को ब्लड ट्रांसफ्यूजन सेवाओं के लिए सर्वश्रेष्ठ बताया है। इस शहर को यहां के स्वैच्छिक रक्तदान अभियानों के लिए जाना जाता है।
चंडीगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी की परियोजना निदेशक विनीता गुप्ता ने कहा, "यहां के स्थानीय लोगों की रक्तदान सेवाओं में सक्रियता बढ़ाने व उनके आसानी से यहां तक पहुंचने की दृष्टि से चंडीगढ़ के प्रसिद्ध मॉलों में रक्त संग्रह केंद्र शुरू करने की योजना बनाई जा रही है।"
शहर में चार लाइसेंसधारी ब्लड बैंक हैं, जो स्वैच्छिक दान द्वारा 80 प्रतिशत रक्त संग्रहित करते हैं।
चंडीगढ़ स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक एम. एस. बेन्स के मुताबिक, "इस साल सितम्बर तक 54,742 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया है। जिसमें से 80 प्रतिशत रक्त स्वैच्छिक दान द्वारा संग्रहित किया गया है।"
चंडीगढ़ में प्रतिदिन 115 यूनिट रक्त संग्रहित किया जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।