प्रधानमंत्री ने कर्नाटक के लिए 1,000 करोड़ रुपये मंजूर किए (लीड-1)
मनमोहन सिंह ने राज्य सरकार के साथ यहां एक बैठक के बाद कहा, "मैं कर्नाटक के लिए 1,000 करोड़ रुपये की अंतरिम राहत की घोषणा करता हूं। बाढ़ के कारण मारे गए 226 लोगों के लिए मैं पहले ही हर पीड़ित परिवार हेतु 100,000 रुपये मुआवजे की घोषणा कर चुका हूं।"
सरकार के साथ बैठक के पहले प्रधानमंत्री ने रायचूर, गुलबर्गा और बीजापुर जिलों के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया।
मुख्यमंत्री बी.एस.येदियुरप्पा और केंद्रीय कानून मंत्री एम.वीरप्पा मोइली हैदराबाद से ही सिंह के साथ थे और 29 सितंबर से दो अक्टूबर के बीच 14 जिलों में बारिश और बाढ़ के कारण हुए नुकसान के बारे में उन्हें जानकारी दी।
प्रधानमंत्री ने कहा, "मैं यहां नट और बोल्ट की चर्चा करने नहीं आया हूं। मैंने कर्नाटक को भरोसा दिया है कि केंद्र सरकार संकट की इस घड़ी में कर्नाटक के साथ खड़ा है। राज्य में हुए नुकसान की भरपाई में धन की कमी नहीं होगी। लेकिन जारी की जाने वाली धनराशि की मात्रा निर्धारित करने के कुछ प्रावधान हैं।"
प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार से ज्ञापन प्राप्त होने के तत्काल बाद केंद्र सरकार क्षेत्र में जान-माल व फसलों के नुकसान का आकलन करने के लिए एक दल भेजेगी।
इसके पहले राज्य के मुख्य सचिव एस.वी.रंगनाथ ने बाढ़ के कारण हुए नुकसान और प्रभावित लोगों की मदद के लिए अपनाए जा रहे राहत उपायों के बारे में प्रधानमंत्री को जानकारी देने के लिए एक पॉवर पॉइंट प्रजेंटेशन किया।
मुख्यमंत्री बी.एस.येदियुरप्पा ने सिंह को राज्य सरकार द्वारा किए गए पुनर्वास कार्यक्रमों और केंद्रीय मदद की जरूरत की जानकारी दी। राज्य में 350,000 घर क्षतिगस्त हो गए हैं और इस कारण 10 लाख से अधिक लोग बेघर हुए हैं।
राज्य सरकार का अनुमान है कि बाढ़ के कारण 25 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में फसलें नष्ट हुई हैं।
राज्य में लगातार तीन दिनों तक हुई वर्षा के कारण 220 से अधिक लोगों की मौत हुई। बाढ़ में 5,000 से अधिक पशुओं की भी मौत हुई है।
प्रधानमंत्री ने बाढ़ प्रभावित आंध्र प्रदेश के लिए भी इतनी ही राहत राशि की घोषणा की है।
सिंह ने शनिवार को एक बार फिर आंध्र प्रदेश के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने शुक्रवार को भी कुछ इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया था।
प्रधानमंत्री शुक्रवार रात राजभवन में ठहरे थे। शनिवार को उन्होंने महबूबनगर और कुरनूल जिलों का हवाई सर्वेक्षण किया। शुक्रवार को उन्होंने कृष्णा और गुंटूर जिले की स्थिति का जायजा लिया था।
प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश में राहत और पुनर्वास कार्यो के लिए 1,000 करोड़ रुपये की सहायता की घोषणा की थी। उन्होंने कहा है कि राज्य को और भी सहायता की जाएगी।
आंध्र प्रदेश में बाढ़ से 65 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications