आरएसएस की बैठक में सीमा सुरक्षा पर चर्चा
राजगीर, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के राजगीर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की तीन दिवसीय बैठक में शनिवार को देश की सीमा सुरक्षा के मुद्दे पर चर्चा की गई।
आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख मदन दास देवी ने शनिवार को पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा, " बैठक में मुख्य रूप से देश की सीमा सुरक्षा पर चर्चा की गई। देश में अलगाववाद तथा आतंकवाद के लिए पाकिस्तान के साथ-साथ चीन भी जिम्मेदार है। सरकार को चीन द्वारा हड़पी गई जमीन को वापस लेनी चाहिए।"
मदन दास देवी ने कहा कि मुंबई में आतंकवादियों द्वारा किया गया हमला पाकिस्तान द्वारा किया गया हमला था। सरकार को पाकिस्तान से किसी प्रकार की वार्ता नहीं करने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को पाकिस्तान से तब तक वार्ता नहीं करनी चाहिए जब तक वह आतंकवादियों पर कारवाई नहीं करता।
देवी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विषय में पत्रकारों द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि आरएसएस किसी भी संगठन की कार्य प्रणाली में हस्तक्षेप नहीं करता।
उल्लेखनीय है कि बिहार के राजगीर में आरएसएस की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की तीन दिवसीय बैठक में सर संघचालक मोहन भागवत, क़े सी़ सुदर्शन, प्रवीण तोगड़िया भी भाग ले रहे हैं। तीन दिवसीय बैठक में चर्चा का मुख्य बिन्दु गांवों का विकास, सीमा सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था तथा पर्यावरण है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications