अनिश्चितता के बीच सेंसेक्स में आई गिरावट
मुंबई, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। हाल के दिनों में शेयर बाजारों में आई तेजी को लेकर निवेशकों में अनिश्चितता कायम होने के कारण सप्ताह के दौरान सेंसेक्स में 2.87 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। अनिश्चितता का मुख्य कारण कुछ वस्तुओं की कीमतों में 100 फीसदी से अधिक की वृद्धि है।
कारोबारी सप्ताह के दौरान बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 2.7 फीसदी यानी 491.89 अंक गिर कर शुक्रवार को 16,642.66 पर बंद हुआ। पिछले सप्ताह सेंसेक्स 17,134.55 अंक पर बंद हुआ था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के 50 शेयरों पर आधारित सूचकांक 'निफ्टी' भी 2.71 फीसदी गिरकर 4,945.2 पर बंद हुआ।
बीएसई के मिडकैप सूचकांक में कोई खास उतार-चढ़ाव नहीं आया और मध्यम पूंजी वाली कंपनियां नुकसान से बच गईं। यद्यपि, कारोबारी सप्ताह के दौरान स्मॉलकैप सूचकांक में 2.84 फीसदी की गिरावट के कारण छोटी पूंजी वाली कंपनियों को तगड़ा घाटा हुआ।
कारोबारी सप्ताह के पहले दिन यानी सोमवार को बाजार कमजोर रुख के साथ खुला और सेंसेक्स 268.14 अंक यानी 1.56 फीसदी गिरकर 16,866.41 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 1.58 फीसदी गिरकर 5,003.2 अंक पर बंद हुआ।
मंगलवार को बाजार में भरपाई का रुख देखा गया और सेंसक्स 92.13 अंक की बढ़त के साथ 16,958 पर बंद हुआ जबकि निफ्टी 0.48 फीसदी बढ़कर 5,027.4 अंक पर बंद हुआ।
बुधवार को अधिकांश समय बढ़त पर रहा सेंसेक्स अंतिम समय में तेज गिरावट के साथ 151.88 अंक या 0.9 फीसदी गिरकर 16,806.66 पर बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी भी 0.83 फीसदी गिर कर 4,985.75 अंक पर बंद हुआ।
गुरुवार के कारोबारी सत्र में सेंसेक्स ने शुरुआत में तेजी दिखाई लेकिन बाद में बढ़त को बरकरार नहीं रख पाया और 36.88 अंक या 0.22 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 16,843.54 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी भी 0.33 अंक की बढ़त के साथ 5,002.25 अंक पर बंद हुआ।
शुक्रवार के कारोबारी सत्र में भी गिरावट का रुख बरकरार रहा और सेंसेक्स 200.8 अंक या 1.18 फीसदी गिरावट के साथ 16,642.66 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी 1.14 फीसदी गिर कर 4,945.2 अंक पर बंद हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications