जूनियर क्रिकेटर की हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार (लीड-1)
पुलिस के मुताबिक मेरठ के लाल कुर्ती इलाके में शुक्रवार रात एक व्यक्ति पर हमला कर भाग रहे चार युवकों में से एक को गगनदीप ने पकड़ने की कोशिश और तभी हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। उन्होंने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) ए. के. जैन लखनऊ में संवाददाताओं को बताया, "मुख्य आरोपी राहुल सिरोही को पकड़ लिया गया है। पुलिस ने उसके पास से ए .32 बोर की एक पिस्तौल बरामद की है जिसका इस्तेमाल हत्या में किया गया था।"
जैन ने कहा कि आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) और गैंगस्टर अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। इस मामले में दो अन्य आरोपियों अंकित शर्मा और अजय की तलाश की जा रही है। इनकी तलाश दिल्ली पुलिस को भी है।
मेरठ में पुलिस निरीक्षक राकेश कुमार ने आईएएनएस को बताया, "चार हमलावर व्यापारी हाजी शाहनवाज को गोली मारकर भाग रहे थे। उसी दौरान गगनदीप ने अपने दोस्तों के साथ एक हमलावर को पकड़ने की कोशिश की। एक युवक ने गगनदीप पर फायरिंग कर दी। जूनियर क्रिकेटर को अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया।"
कुमार के अनुसार, "शाहनवाज और एक अन्य व्यक्ति को मामूली चोट आई थी जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। बाद में शाहनवाज की हालत बिगड़ने के बाद फिर से अस्पताल में भर्ती कराया जहां शनिवार को उनकी मौत हो गई। मांस विक्रेता शाहनवाज का शुक्रवार दोपहर उनका कुछ युवकों से विवाद हो गया था। ये युवक ही रात में एक कार में सवार होकर उन्हें मारने पहुंचे थे।"
गौरतलब है कि कानपुर निवासी गगनदीप उत्तर प्रदेश अंडर-19 टीम के सदस्य थे। वह यहां सी. के. नायडू ट्रॉफी में हैदराबाद के खिलाफ मैच खेलने आए थे। वारदात के समय वह रात को खाना खाने के बाद अपने दो साथियों के साथ होटल लौट रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications