राष्ट्रीय पुस्तकालय के लिए सलाहकार मंडल का गठन
नई दिल्ली, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। कोलकाता स्थित राष्ट्रीय पुस्तकालय के लिए राष्ट्रीय पुस्तकालय के पूर्व निदेशक ए़ आऱ बंधोपाध्याय की अध्यक्षता में एक 15 सदस्यीय सलाहकार मंडल गठित किया गया है। यह सलाहकार मंडल निदेशक को संस्था का प्रशासन चलाने और विकास संबंधी योजनाओं, पाठकों को दी जाने वाली सेवाओं तथा पुस्तकालय की नीतियों के कार्यान्वयन में पथ प्रदर्शन करेगा।
मंडल के अधिकतर सदस्य मानविकी और सामाजिक विज्ञान में विशेषज्ञता प्राप्त हैं और विभिन्न संस्थाओं और विश्वविद्यालयों के शिक्षाविद् हैं। यह सलाहकार मंडल 2002 में राष्ट्रीय पुस्तकालय के लिए गठित प्रबंध मंडल का स्थान लेगा।
सलाहकार मंडल के सदस्यों का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा। सरकार किसी भी सदस्य की सदस्यता बिना कोई कारण बताए कार्यकाल पूरा होने से पहले समाप्त कर सकती है या फिर मंडल का पुनर्गठन कर सकती है अथवा मंडल को समाप्त कर सकती है। मंडल की बैठक आवश्यकता के अनुसार और कम से कम तीन महीनों में एक बार अवश्य आयोजित की जाएगी।
पुस्तकालय ने हाल ही में कई परियोजनाएं शुरू की हैं। इनमें सूचना और संचार प्रौद्योगिकी के मूल ढांचे का उन्नयन, पाठकों के लिए इंटरनेट सुविधाएं, क्षेत्रीय भाषाओं की बड़ी संख्या में बकाया पुस्तकों का संसाधन, मुद्रित सूचियों को कम्प्यूटर द्वार पठनीय रूप में परिवर्तित करना, पुराने और दुर्ल समाचार पत्रों तथा पुस्तकों आदि की सूक्ष्म फिल्में तैयार करना और डिजिटलीकरण आदि शामिल है। पुस्तकालय अपने डिजिटल संग्रह की तत्काल उपलब्धता और बड़े पैमाने पर प्रचार के लिए वेब पर डालने की भी योजना बना रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications