स्वाइन फ्लू से 6 की मौत, मृतकों की संख्या 380 हुई (राउंडअप)
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान के अनुसार शुक्रवार को फ्लू के 149 नए मामले सामने आए। इस तरह देश में पीड़ितों की संख्या 11,656 हो गई।
आंध्र प्रदेश में चार लोगों की मौत के साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर 42 हो गई।
कर्नाटक में दो और मरीजों की मौत के साथ ही राज्य में स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या बढ़कर 108 तक पहुंच गई है।
बेंगलुरु में स्वाइन फ्लू के कारण एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने पांच अक्टूबर को सरकारी अस्पताल में दम तोड़ दिया जबकि गादाग में एक 25 वर्षीया महिला ने छह अक्टूबर को एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया।
एक स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार दोनों की जांच रिपोर्ट आठ अक्टूबर को मिली थी जिसमें दोनों के स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।
मुख्य स्वास्थ्य सचिव आर.पेरुमल ने आईएएनएस को बताया," हमारे परीक्षण के अनुसार राज्य में स्वाइन फ्लू से इतनी बड़ी संख्या में लोगों के मरने की मुख्य वजह इलाज में हो रही देरी है।"
उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति में स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए जाने के बाद उसे तुरंत चिकित्सकों से जांच करानी चाहिए।
शुक्रवार को सामने आए 149 नए मामले में महाराष्ट्र में 47, दिल्ली में 42, कर्नाटक में 24, केरल में 10, हरियाणा में 10, तमिलनाडु में 7, गुजरात में 4, और पंजाब में 2 शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications