ओबामा से मुलाकात से अधिक उनकी हू जिंताओ से सार्थक वार्ता महत्वपूर्ण : दलाई लामा
वाशिंगटन, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। तिब्बतियों के धर्म गुरु दलाई लामा अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा से अपनी प्रस्तावित मुलाकात से अधिक महत्वपूर्ण ओबामा द्वारा चीनी नेता हू जिंताओ के समक्ष तिब्बत का मामला उठाए जाने के मौके को मानते हैं।
दलाई लामा ने समाचार चैनल सीएनएन को दिए एक साक्षात्कार में कहा, "सिर्फ तस्वीर दिखाने से बेहतर है कि गंभीर चर्चा हो।"
ओबामा से अपनी मुलाकात का कार्यक्रम स्थगित करने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "मुझे इससे कोई निराशा नहीं है। ओबामा ने संकेत दिए थे कि वह चीन से वार्ता करने जा रहे हैं। ऐसा लगता है कि वह चीन के साथ तिब्बत के मसले पर वार्ता को लेकर गंभीर हैं।"
उन्होंने कहा, "कभी-कभी थोड़ा कड़क रुख मददगार साबित होता है। कभी-कभी अधिक मित्रता जताना भी फायदेमंद होता है। इसलिए इस बारे मैं कोई भी ऐसा वातावरण पैदा नहीं करना चाहता जिससे किसी को तकलीफ हो।"
तिब्बती धर्म गुरु ने कहा, "मुझे लगता है कि कुछ मामलों में सिर्फ यह दिखाना कि हम बैठक कर रहे हैं, बेहतर नहीं होता। मेरे ख्याल से गंभीर चर्चा, सिर्फ बैठक का दिखावा करने से बेहतर है।"
उन्होंने कहा कि उनके लिए इस साल के अंत तक या फिर 2010 की शुरुआत तक अमेरिकी राष्ट्रपति से मिलना संभव नहीं हो सकेगा क्योंकि उनका अपना निजी कार्यक्रम बेहद व्यस्त है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications