अफगानिस्तान में भारत का काम शानदार : मिलीबैंड
लंदन, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड मिलीबैंड ने युद्धरत अफगानिस्तान में भारत द्वारा किए जा रहे विकास कार्यो को शानदार बताया है।
भारतीय उद्योगपति राज लूंबा की मेजबानी में आयोजित दिवाली चैरिटी डिनर के मौके पर मिलीबैंड ने आईएएनएस से कहा, "हम अफगानिस्तान में भारत के विकास कार्यों की सराहना और समर्थन करते हैं।"
मिलीबैंड ने कहा कि उन्होंने काबुल में भारतीय दूतावास के बाहर आत्मघाती बम विस्फोट की घटना के बाद भारतीय विदेश मंत्री एस.एम कृष्णा के साथ टेलीफोन पर बातचीत की और उनके साथ सहानुभूति जताई।
तालिबान के आत्मघाती हमलावरों द्वारा किए गए हमले में 17 लोग मारे गए है।
मिलीबैंड का यह बयान विदेश सचिव निरूपमा राव के उस बयान के एक दिन बाद आया है जिसमें उन्होंने विश्व समुदाय से अफगानिस्तान में निवेश करने और दृढ़ रहने का आह्वान किया था। राव ने चेतावनी दी कि अगर विश्व समुदाय ऐसा करने में असफल रहता है तो यह अफगान जनता और विश्व समुदाय को महंगा पड़ेगा।
राव ने नई दिल्ली में अफगानिस्तान पर आयोजित सम्मेलन में कहा था, " हमारा मानना है कि तमाम चुनौतियों के बावजूद अफगानिस्तान को दीर्घकालीन प्रतिबद्धता की जरूरत है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications