पेशावर कार बम विस्फोट में 49 की मौत, 100 घायल (राउंडअप इंट्रो-1)
जियो टीवी की रिपोर्ट के अनुसार पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत की राजधानी पेशावर में खैबर बाजार के नजदीक विस्फोटकों से लदी एक कार को हमलावरों ने उड़ा दिया।
प्रांत के स्वास्थ्य मंत्री जहीर अली शाह ने लेडी रीडिंग अस्पताल का दौरा करने के बाद संवाददाताओं से कहा कि हादसे में 49 लोग मारे गए।
अस्पताल के एक डाक्टर ने भी मृतकों की संख्या की पुष्टि की है। उसने कहा कि महिलाओं और बच्चों सहित 103 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में कम से कम 50 की हालत गंभीर है।
पुलिस अधिकारी मोहम्मद करीम ने कहा कि हादसे में 100 किलो विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया। बम निरोधक दस्ते के प्रमुख शफाकत मलिक ने इस बात की पुष्टि की कि आत्मघाती हमलावरों ने इस विस्फोट को अंजाम दिया।
मलिक ने कहा कि हादसे में अधिक से अधिक लोग शिकार हों इसके लिए बम के साथ मशीनगन जैसे हथियार रखे गए थे। आत्मघाती हमलावर वाहन में सवार था।
पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत की असेंबली के समीप कराची बाजार में दोपहर को यह विस्फोट हुआ। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यह विस्फोट आत्मघाती हमला था।
विस्फोट के बाद क्षतिग्रस्त वाहन इधर-उधर बिखरे पड़े थे। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि विस्फोट कितना शक्तिशाली था। विस्फोट से घटनास्थल के आसपास मौजूद कई वाहन नष्ट हो गए और इलाके में दहशत फैल गई।
प्रांतीय सूचना मंत्री मियां इफ्तिखार हुसैन ने संवाददाताओं को बताया कि विस्फोट में 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि विस्फोटक कार में रखे गए थे।
पुलिस का कहना है कि विस्फोट को आत्मघाती हमलावर ने अंजाम दिया। इस विस्फोट में करीब 50 किलोग्राम विस्फोटक इस्तेमाल किया गया। विस्फोट की वजह से आसपास की कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं।
समाचार एजेंसी डीपीए ने मोहम्मद कामरान नाम के एक दुकानदार के हवाले से बताया, "मैं अपने काम में मसरूफ था तभी मैंने धमाके की आवाज सुनी। मौके पर पहुंचा तो वहां हताहतों को देखा। वह नजारा बेहद खौफनाक था।"
"कुछ महिलाओं और बच्चों के शव क्षतिग्रस्त कारों में दब गए थे। मैंने देखा कि एक व्यक्ति के दोनों पैर कट गए थे और वह बस से बाहर निकलने के लिए चीख रहा था। "
राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने विस्फोट की कड़ी निंदा की है।
जरदारी ने कहा कि इस तरह के जघन्य अपराध को फैलने नहीं दिया जाएगा और सरकार आतंकवाद को जड़ से समाप्त करने के प्रति प्रतिबद्ध है।
गिलानी ने एक अलग बयान में कहा कि आतंकवादी और चरमपंथी पाकिस्तान के सबसे बड़े दुश्मन हैं और उन्हें उखाड़ फेंकने के लिए सभी तरह के प्रयास किए जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications