राष्ट्रपति ने अग्रिम चौकियों का दौरा किया (लीड-1)
रक्षा मंत्रालय की ओर से यहां जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि सेना की सर्वोच्च कमांडर पाटिल ने नियंत्रण रेखा पर शांति बनाए रखने में सेना की भूमिका की सराहना की है।
पाटिल ने कहा है, "भारत का हर नागरिक आप सब पर गर्व करता है।"
बयान में कहा गया है, "पाटिल ने आतंकवाद से निपटने और जम्मू एवं कश्मीर में सामान्य स्थिति बहाल करने की दिशा में सेना द्वारा किए जा रहे अनुकरणीय कार्यो पर पूर्ण संतोष जाहिर किया।"
पाटिल ने सैनिकों के परिजनों की ओर से सैनिकों को मुहैया कराए जा रहे समर्थन और प्रेरणा की भी सराहना की।
इसके पहले जम्मू हवाई अड्डे पर राज्यपाल एन.एन.वोहरा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, सेना के उत्तरी कमांड के जनरल ऑफिसर लेफ्टिनेंट जनरल बी.एस.जसवाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने राष्ट्रपति की अगवानी की।
राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर जम्मू में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। राजौरी और पुंछ जिलों में लगभग 5,000 अतिरिक्त पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवानों को तैनात किया गया था।
राष्ट्रपति का जम्मू एवं कश्मीर का यह दूसरा दौरा है। इससे पहले वह मई 2008 में यहां आई थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications