पेशावर में कार बम विस्फोट, 40 से ज्यादा मरे (लीड-3)
इस्लामाबाद, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पेशावर शहर के एक व्यस्ततम बाजार में शुक्रवार को विस्फोटकों से लदी एक कार में शक्तिशाली विस्फोट में 40 से ज्यादा लोग मारे गए और 100 से ज्यादा घायल हो गए। यह जानकारी पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के स्वास्थ्य मंत्री ने दी।
'द न्यूज इंटरनेशनल' के अनुसार पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के स्वास्थ्य मंत्री जहीर अली शाह ने लेडी रीडिंग अस्पताल का दौरा करने के बाद मरने वालों की संख्या 41 बताई है। इसी अस्पताल में घायलों को इलाज के लिए लाया गया है।
पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत की असेंबली के समीप कराची बाजार में दोपहर को यह विस्फोट हुआ। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यह विस्फोट आत्मघाती हमला था।
टेलीविजन फुटेज में क्षतिग्रस्त वाहनों के दृश्य दिखाए गए हैं। शक्तिशाली विस्फोट में घटनास्थल के आसपास मौजूद कई वाहन नष्ट हो गए और इलाके में दहशत फैल गई।
प्रांतीय सूचना मंत्री मियां इफ्तिखार हुसैन ने संवाददाताओं को बताया कि विस्फोट में 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि विस्फोटक कार में रखे गए थे।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार पुलिस का कहना है कि विस्फोट को आत्मघाती हमलावर ने अंजाम दिया। इस विस्फोट में करीब 50 किलोग्राम विस्फोटक इस्तेमाल किए गए।
मोहम्मद कामरान नाम के एक दुकानदार ने बताया, "मैं अपने काम में मसरूफ था तभी मैंने धमाके की आवाज सुनी। मौके पर पहुंचा तो वहां हताहतों को देखा। वह नजारा बेहद खौफनाक था।"
विस्फोट में इलाके की कई दुकाने नष्ट हो गईं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications