काबुल विस्फोट : 7 मरे, 67 घायल, सभी भारतीय सुरक्षित (लीड-3)
इस विस्फोट में भारतीय दूतावास की बाहरी दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और खिड़कियों के शीशे चटक गए।
आत्मघाती हमला काबुल के सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में सुबह लगभग 8.27 बजे हुआ, जहां भारतीय दूतावास के अलावा अफगानी गृह मंत्रालय की इमारते हैं।
सूत्रों के अनुसार यह विस्फोट कार में सवार एक आत्मघाती हमलावर ने किया। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार हमले में कम से कम सात लोग मारे गए। सैयद कबीर अमीरी नाम के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने एक अन्य समाचार एजेंसी डीपीए से कहा कि हमले में 67 लोग घायल हो गए।
हमले में किसी भी भारतीय के मारे जाने की सूचना नहीं है। अफगानिस्तान में भारत के राजदूत जयंत प्रसाद ने बताया, "कोई भी भारतीय गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ और न ही किसी भारतीय की मौत हुई।"
प्रसाद ने विस्फोट की तुलना सात जुलाई 2008 को हुए धमाके से की, जिसमें दो भारतीय राजनयिकों सहित 44 लोगों की मौत हो गई थी। उन्होंने एक निजी समाचार चैनल से कहा, "मैंने अपने आवास से विस्फोट की जो आवाज सुनी, वह जुलाई 2008 की ही तरह थी। "
प्रसाद ने कहा कि विस्फोट की वजह से दूतावास के वॉच टॉवर को नुकसान पहुंचा और कुछ सुरक्षाकर्मी भी घायल हुए लेकिन कोई भी 'गंभीर रूप से घायल' नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि विस्फोट से दूतावास की खिड़कियों,दरवाजों और दीवार को नुकसान पहुंचा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications