रोसैया ने आंध्र के पुलिस प्रमुख यादव को हटाया (लीड-1)
मुख्यमंत्री ने यह कदम आंध्र प्रदेश के दिवंगत मुख्यमंत्री वाई.एस.राजशेखर रेड्डी की 2 सितंबर को हेलीकाप्टर दुर्घटना में हुई मौत के बाद पुलिस प्रमुख द्वारा दिए गए विवादास्पद बयान के बाद उठाया है।
हेलीकाप्टर दुर्घटना के बाद यादव ने कहा था कि मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर पर सवार हो जाने के बाद पुलिस की जवाबदेही समाप्त हो गई थी।
यादव उस समय भी आलोचना के शिकार हुए थे, जब हेलीकॉप्टर के लापता होने के 24 घंटे बाद भी पुलिस उसका पता नहीं लगा पाई थी। इसके साथ ही रेड्डी के अंतिम संस्कार के दौरान यातायात की बुरी स्थिति के लिए भी यादव की आलोचना की गई थी। यातायात जाम के कारण गृह मंत्री और कई शीर्ष नेता अंतिम संस्कार में हिस्सा नहीं ले पाए थे।
चुनाव आयोग ने अप्रैल में वाईएसआर की प्रशंसा करने के आरोप में यादव का स्थानांतरण कर दिया था लेकिन वाईएसआर के दोबारा मुख्यमंत्री बनने के बाद उनको फिर से बहाल कर दिया गया था।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक आर.आर. गिरीश कुमार को राज्य का नया पुलिस प्रमुख बनाया गया है और यादव को राज्य सड़क परिवहन निगम का प्रबंध निदेशक बना दिया गया है।
अपना पद संभालने के बाद गिरीश कुमार ने कहा कि वह भ्रष्टाचार से लड़ेंगे और पुलिस विभाग में अधिक से अधिक पारदर्शिता लाएंगे।
रोसैया ने आंध्र प्रदेश विशेष पुलिस दल के महानिदेशक पी.गौतम कुमार को गृह विभाग में प्रमुख सचिव नियुक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने अतिरिक्त महानिदेशक (खुफिया) के.अरविंद राव को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो स्थानांतरित कर दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications