भारत के साथ शांति पाकिस्तान के हित में : कुरैशी
वाशिंगटन, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने कहा है कि मुंबई हमलों को अंजाम देने वाले उनके देश के दोस्त नहीं थे और भारत के साथ शांति पाकिस्तान केहित में है।
वाशिंगटन में विदेश मामलों से संबद्ध परिषद में बुधवार को कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान सरकार का मानना है कि मुंबई हमलों को अंजाम देने वाले हमलावरों सहित सभी आतंकवादी संगठनों पर रोक लगानी होगी, उनमें कमी लानी होगी और उन्हें बंद करना होगा।
भारत ने पाकिस्तान से आतंकवाद की नीति छोड़ने तथा मुंबई हमलों के दोषियों के खिलाफ ठोस तथा तेजी से कार्रवाई करने की मांग की है।
विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा ने गत 27 सितम्बर को न्यूयार्क में कुरैशी से भेंट के दौरान यह स्पष्ट कर दिया कि सारगर्भित बातचीत की प्रक्रिया के लिए हिंसा और आतंकवाद से रहित माहौल तैयार किया जाना अनिवार्य है।
यह पूछने पर कि मुंबई हमलों के दोषियों के खिलाफ पाकिस्तान ने क्या कार्रवाई की है, कुरैशी ने कहा कि उनके देश की सरकार की राय है कि इन संगठनों पर रोक लगानी चाहिए, उनमें कमी लाई जानी चाहिए और उन्हें बंद किया जाना चाहिए।
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में कुरैशी ने कहा कि भारत-अमेरिका असैन्य परमाणु करार भेदभावपूर्ण है। उन्होंने कहा, "अगर आप भेदभावपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर करते हैं तो इससे लाभ नहीं होता।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications