वेंकी का कार्य पेनिसिलिन की खोज जैसा महत्वपूर्ण : ब्रिटिश मंत्री
लंदन, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। ब्रिटेन के विज्ञान मंत्री लॉड पॉल द्रायसन ने कहा है कि वर्ष 2009 के रसायन विज्ञान के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित भारतीय मूल के वैज्ञानिक वेंकटरमन रामकृष्णन की खोज पेनिसिलिन की खोज जितनी महत्वपूर्ण हो सकती है।
अमेरिका के थॉमस स्टीट्ज और इजरायल की एडा ई.योनथ के साथ बुधवार को रामकृष्णन को रसायन के नोबेल पुरस्कार के लिए चुने जाने के बाद लार्ड पाल ड्रेयसन ने कहा, "राइबोसोम पर वेंकी का कार्य..मानव स्वास्थ्य के लिए पेनिसिलिन की खोज जितना महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।"
ड्रेयसन ने कहा कि राइबोसोम के अणुओं की सरंचना की खोज से वेंकी और उनका दल एंटीबायोटिक दवाओं के डिजाइन और संश्लेषित जीव विज्ञान की नींव रखने में मदद कर रहा है।
राइबोसोम पर रामकृष्णन और अन्य के कार्य से संक्रामक रोगों और दवा प्रतिरोधी तपेदिक के इलाज के लिए दवाओं का निर्माण संभव हो सकता है।
रामकृष्णन ब्रिटेन के कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय की मॉलीक्यूलर बॉयोलाजी प्रयोगशाला में कार्य करते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications