स्वात से 15 तालिबानी आतंकवादियों के शव बरामद
इस्लामाबाद, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान की स्वात घाटी से गुरुवार को संदिग्ध तालिबानी आतंकवादियों के 15 शव बरामद हुए। सभी शवों पर गोलियों के निशान हैं।
जियो टीवी के अनुसार सेना के प्रवक्ता मेजर मुश्ताक खान ने कहा है, "मैं 15 शवों की बरामदगी की पुष्टि कर सकता हूं और हमारी सूचना है कि वे सभी आतंकवादी थे।"
उन्होंने कहा कि वे संभवत: आतंकवादी गुटों की आपसी मुठभेड़ में मारे गए हैं या फिर स्थानीय लोगों ने उन्हें मार गिराया है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों को सतर्क कर दिया है।
नईमुल्लाह खान नाम के एक चिकित्सक ने बताया कि 15 शवों को ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है। उन सभी को संभवत: 12 घंटे पहले गोली मारी गई।
सेना का दावा है कि घाटी से आतंकवादियों का करीब-करीब सफाया हो चुका है और उसका कहना है कि उन आतंकवादियों को स्थानीय लोगों ने मार गिराया लेकिन मानवाधिकार संगठनों ने इन्हें गैर-कानूनी तौर पर अंजाम दी गई हत्याएं करार दिया है।
सेना ने इस आरोप को गलत बताते हुए कहा है कि संदिग्ध आतंकवादियों को मार गिराने के कोई आदेश जारी नहीं किए गए।
सेना की ओर से गुरुवार को जारी बयान में कहा गया कि आतंकवादियों ने राजमक सैन्य शिविर में आठ रॉकेट दागे। इस हमले में सेना के चार जवान घायल हो गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications