अमेरिका ने दलाई लामा से ओबामा की भेंट स्थगित करने का बचाव किया
वाशिंगटन, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की अगले महीने होने वाली चीन यात्रा तक तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा के साथ भेंट स्थगित करने के फैसले का बचाव करते हुए व्हाइट हाउस ने कहा कि बीजिंग के साथ मजबूत संबंधों से तिब्बतियों को मदद मिलेगी।
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता राबर्ट गिब्स ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा, "दलाई लामा और उनके समर्थक समझते हैं कि चीन के साथ हमारे मजबूत संबंधों से तिब्बती लोगों को लाभ मिलेगा।"
चीन को नाराज न करने के लिए ओबामा की चीनी राष्ट्रपति हू जिंताओ से नवंबर में होने वाली बैठक तक दलाई लामा के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति की भेंट स्थगित करने संबंधी रिपोर्टों को गलत बताते हुए गिब्स ने कहा, "हम तिब्बत के लोगों के लिए चिंतित हैं और हम चीनी लोगों के प्रति भी चिंतित हैं।"
गिब्स ने कहा कि तिब्बत के लोग जानते हैं कि चीन के साथ मजबूत संबंधों से उनको सहायता मिलती है। दोनों पक्ष इस पर राजी हैं।
ओबामा के प्रवक्ता ने कहा कि दलाई और उनके स्टाफ के साथ चर्चा में इस वर्ष के अंत में ओबामा के साथ उनकी मुलाकात पर सहमति बनी है। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि दोनों पक्षों ने सोचा कि मुलाकात का यही सबसे उचित समय होगा।
मंगलवार को वाशिंगटन में दलाई लामा को मानव अधिकारों के लिए संघर्ष के लिए एक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स की अध्यक्ष नैंसी पेलोसी ने दलाई लामा को लैंटोस मानव अधिकार पुरस्कार प्रदान किया।
इस पुरस्कार को डेमोक्रेटिक पार्टी के टिम लैंटोस के नाम पर स्थापित किया गया है। नाजी जर्मनी में यहूदियों के नरसंहार 'होलोकास्ट' में जीवित बचने वाले लैंटोस बाद में कांग्रेस के सदस्य बने। पिछले वर्ष गले के कैंसर से उनकी मौत हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications